यमुनोत्री को जिला और आदर्श विधानसभा बनाना पहला संकल्प: मनवीर सिंह चौहान

चिन्यालीसौड़। यमुनोत्री विधानसभा के पीपलमंडी बड़ेथी हाईवे पर आयोजित विशाल जन संवाद कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने क्षेत्र के समग्र विकास का व्यापक खाका प्रस्तुत करते हुए कहा कि यमुनोत्री को जिला बनाना उनका पहला लक्ष्य और संकल्प है। उन्होंने कहा कि यह जन संवाद केवल भाषण का मंच …

Jan 28, 2026 - 09:27
 49  287071
यमुनोत्री को जिला और आदर्श विधानसभा बनाना पहला संकल्प: मनवीर सिंह चौहान

चिन्यालीसौड़। यमुनोत्री विधानसभा के पीपलमंडी बड़ेथी हाईवे पर आयोजित विशाल जन संवाद कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने क्षेत्र के समग्र विकास का व्यापक खाका प्रस्तुत करते हुए कहा कि यमुनोत्री को जिला बनाना उनका पहला लक्ष्य और संकल्प है।

उन्होंने कहा कि यह जन संवाद केवल भाषण का मंच नहीं, बल्कि संकल्प लेने का अवसर है—संकल्प एक ऐसी यमुनोत्री का, जो प्रदेश ही नहीं, पूरे देश में आदर्श विधानसभा के रूप में पहचानी जाए।

चौहान ने कहा कि बीते वर्षों में क्षेत्र भ्रमण के दौरान उन्होंने जनता की समस्याओं को नजदीक से देखा है और कई मुद्दों का समाधान भी कराया है। आगे भी वे निरंतर जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि 2007 से वे लगातार जनता के बीच सक्रिय रहे हैं, हालांकि कुछ समय पारिवारिक कारणों से क्षेत्र को नहीं दे पाए, लेकिन क्षेत्र के मूल मुद्दों पर उनकी सक्रियता कभी कम नहीं हुई।

उन्होंने यमुनोत्री को जिला बनाए जाने के साथ ही पूरे क्षेत्र को एसटी समुदाय घोषित करने, बड़कोट और चिन्यालीसौड़ में उप-जिला स्तर के अस्पताल, कृषि एवं हॉर्टिकल्चर विश्वविद्यालय की शाखा, पीजी कॉलेज, होटल मैनेजमेंट कॉलेज, नर्सिंग, बीएड और मेडिकल कॉलेज की स्थापना को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।

इसके साथ ही पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए रोडवेज बसों की संख्या बढ़ाने, नागटिब्बा और पंचम धाम सेम मुखेम को जोगत से सड़क मार्ग द्वारा जोड़ने, तथा क्षेत्र को धार्मिक व साहसिक पर्यटन के मानचित्र पर प्रमुखता से स्थापित करने की बात कही।

चौहान ने बताया कि चिन्यालीसौड़ और ब्रह्मखाल में केंद्रीय विद्यालय, बड़कोट व चिन्याली डिग्री कॉलेज में आईटी लैब व डिजिटल बोर्ड, मुख्य कस्बों में गेस्ट हाउस, तथा सेना भर्ती मेले को पुनः प्रारंभ कराने के लिए वे प्रयासरत हैं। खेती-बागवानी को मजबूत करने के लिए विद्यालयों में व्यावसायिक कोर्स शुरू कराने पर भी बल दिया गया।

इससे पूर्व कार्यक्रम स्थल पर वर्ष 2027 विधानसभा चुनाव के लिए यमुनोत्री विधानसभा के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन किया गया। जन संवाद को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. स्वराज विद्वान ने कहा कि वर्ष 2012, 2017 और 2022 में भी जनता और कार्यकर्ताओं की पहली पसंद मनवीर सिंह चौहान रहे, लेकिन परिस्थितिवश उन्हें टिकट नहीं मिल सका।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के ओएसडी रहते हुए चौहान ने जितने विकास कार्य कराए, उतने कई विधायक भी नहीं कर पाए। यदि पार्टी उन्हें अवसर देती है, तो यमुनोत्री से भाजपा की ऐतिहासिक जीत तय है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow