विधायक व पूर्व मंत्री अग्रवाल ने यूपीसीएल की महत्वाकांक्षी परियोजना का किया शुभारंभ
ऋषिकेश। विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, सुरक्षित एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वीरभद्र मार्ग पर विद्युत विभाग द्वारा आर.डी.एस.एस. (Revamped Distribution Sector Scheme) के अंतर्गत विद्युत लाइनों को भूमिगत करने की योजना का शुभारंभ किया गया। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल […]

ऋषिकेश। विधानसभा क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़, सुरक्षित एवं आधुनिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वीरभद्र मार्ग पर विद्युत विभाग द्वारा आर.डी.एस.एस. (Revamped Distribution Sector Scheme) के अंतर्गत विद्युत लाइनों को भूमिगत करने की योजना का शुभारंभ किया गया। ऋषिकेश विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने विभागीय अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में विधिवत भूमि पूजन कर योजना का शुभारंभ किया एंव एक दूसरे को मिष्ठान खिलाकर शुभकामनाएं दी।
इस योजना के अंतर्गत ऋषिकेश के कोयल घाटी में विद्युत सब स्टेशन बनाया जायेगा एवं क्षेत्र में 33 केवी की 48 किलोमीटर, 11 केवी की 103 किलोमीटर तथा एल.टी. लाइन की 111 किलोमीटर विद्युत लाइनों को भूमिगत किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण परियोजना की कुल लागत लगभग 357 करोड़ रुपये है।
इस अवसर पर डॉ. प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि विद्युत लाइनों को भूमिगत किए जाने से ऋषिकेश शहर को लंबे समय से दिखाई देने वाले बिजली के तारों के जाल से मुक्ति मिलेगी और शहर की सुंदरता में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। साथ ही विद्युत आपूर्ति अधिक सुचारु एवं निर्बाध बनाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि भूमिगत विद्युत व्यवस्था से विद्युत चोरी की आशंका पर अंकुश लगाने, विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका कम करने तथा विद्युत व्यवस्था को अधिक सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने में भी सहायता मिलेगी। यह परियोजना ऋषिकेश के विकास और आधुनिक विद्युत ढांचे की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
डॉ. अग्रवाल ने इस महत्वपूर्ण योजना को स्वीकृति प्रदान करने के लिए केंद्र की मोदी सरकार एवं प्रदेश की धामी सरकार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आरडीएसएस योजना ऋषिकेश के लिए एक बड़ी सौगात है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को निरंतर गति मिल रही है, जिसके लिए वह मुख्यमंत्री जी के प्रति आभार व्यक्त करते हैं।
उन्होंने कहा कि ऋषिकेश को आधुनिक, सुंदर, सुरक्षित और बेहतर सुविधाओं से युक्त शहर बनाने की दिशा में विकास कार्य लगातार आगे बढ़ रहे हैं। विद्युत लाइनों का भूमिगत होना इसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना, उपखंड अधिकारी गुरदीप सिंह, अवर अभियंता श्याम सुंदर, ऋषिकेश मेयर शंभू पासवान, ऋषिकेश मंडल अध्यक्ष मनोज ध्यानी, वीरभद्र मंडल अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, पार्षद हर्षवर्धन रावत, पार्षद वीरेंद्र रमोला, जगदंबा रतूड़ी, दिनेश पयाल, पूनम बहुगुणा, सुमन रावत, ममता रतूड़ी, गोविंद रावत, दीपक बिष्ट, पिंकी धस्माना, राहुल कश्यप, नितिन गुप्ता, पूजा गौड़, अखिलेश मित्तल सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
What's Your Reaction?