उत्तराखंड: भारी बारिश के अलर्ट के बीच नैनीताल और बागेश्वर में स्कूल बंद, आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद

देहरादून/नैनीताल/बागेश्वर। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर 2 सितंबर को नैनीताल और बागेश्वर जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, …

Sep 2, 2026 - 00:27
 57  1725
उत्तराखंड: भारी बारिश के अलर्ट के बीच नैनीताल और बागेश्वर में स्कूल बंद, आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद

देहरादून/नैनीताल/बागेश्वर। उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के मद्देनजर 2 सितंबर को नैनीताल और बागेश्वर जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालय बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। दोनों जिलों में आंगनबाड़ी केंद्र भी बंद रहेंगे।

नैनीताल में स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए अवकाश

भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 1 सितंबर को जारी पूर्वानुमान में 2 सितंबर को नैनीताल जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने तथा बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष ललित मोहन रयाल ने एक दिवसीय अवकाश के आदेश जारी किए हैं।

आदेश के अनुसार 2 सितंबर को नैनीताल जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों के साथ सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक और कार्यालय स्टाफ को भी अवकाश अनुमन्य किया गया है।

प्रशासन ने बताया कि लगातार बारिश के कारण जिले के नदी-नालों और गधेरों में जल प्रवाह तेज होने के साथ संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन की आशंका बनी हुई है। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

हालांकि नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित उन आवासीय शैक्षणिक संस्थानों पर यह आदेश लागू नहीं होगा, जहां विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक एवं आवासीय सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं।

बागेश्वर में भी 2 सितंबर को अवकाश

बागेश्वर जिला प्रशासन ने भी मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए 2 सितंबर को जिले में सभी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों को बंद रखने का आदेश जारी किया है।

जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष अपूर्वा पांडे ने जारी आदेश में कहा कि मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 2 सितंबर को जिले में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश, गर्जन के साथ आकाशीय बिजली तथा बारिश के अति तीव्र से अत्यंत तीव्र दौर की संभावना है।

इसके मद्देनजर कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

नैनीताल-अल्मोड़ा के कई क्षेत्रों में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी

उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी चेतावनी के अनुसार 1 सितंबर शाम 3:58 बजे से 2 सितंबर सुबह 10 बजे तक नैनीताल और अल्मोड़ा के कुछ क्षेत्रों में बहुत भारी से अत्यंत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।

अल्मोड़ा जिले के चौखुटिया, भिकियासैंण, रानीखेत, भनोली, कटारमल, जैती और आसपास के क्षेत्रों के साथ नैनीताल जिले के रामनगर, भीमताल, हल्द्वानी, मुक्तेश्वर, कोटाबाग, भवाली, द्वाराहाट समेत आसपास के क्षेत्रों में बारिश के अत्यंत तीव्र दौर, गर्जन और बिजली चमकने की संभावना व्यक्त की गई है।

प्रशासन ने लोगों से मौसम की चेतावनी को गंभीरता से लेने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों, नदी-नालों एवं बरसाती गधेरों के आसपास न जाने की अपील की है।

 

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow